PURNIA : सरकारी चापाकल में आया करेंट, पानी भरने त्यी वृद्ध महिला आयी चपेट में

थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा पंचायत के खुटहरी वार्ड संख्या-02 में सरकारी चापाकल में करेंट आने से पानी भरने गई एक वृद्ध महिला उसकी चपेट में आकर गंभीर हो गयी.

By AMIT KR SINHA | May 11, 2026 12:57 PM

पूर्णिया के बनमनखी से रामदेव की रिपोर्ट :

थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा पंचायत के खुटहरी वार्ड संख्या-02 में सरकारी चापाकल में करेंट आने से पानी भरने गई एक वृद्ध महिला उसकी चपेट में आकर गंभीर हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल बनमनखी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.घायल महिला की पहचान खुटहरी गांव निवासी 60 वर्षीय बथुआ देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह घर से कुछ दूरी पर नहर किनारे स्थित सरकारी चापाकल से पानी लेने गई थीं. जैसे ही उन्होंने चापाकल चलाने के लिए उसे छुआ, उन्हें तेज करंट का झटका लगा और वह दूर जा गिरीं.घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को सूचना दी. इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया.महिला के पुत्र रवि कुमार ने बताया कि चापाकल के समीप ही 11 हजार वोल्ट का हाईपावर बिजली खंभा लगा हुआ है. बारिश के दौरान वहां करंट फैल जाता है, जिससे चापाकल में भी करंट उतर आता है.उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग को आवेदन देकर खंभा हटाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.इधर, बनमनखी के सहायक विद्युत अभियंता मिंटू कुमार रजक ने बताया कि महिला को करंट लगने की सूचना मिली है. मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.