पूर्णिया. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में मरीजों के लिए अब हार्ट के जांच की सुविधा भी उपलब्ध हो गयी है. शुक्रवार को जीएमसीएच के ओपीडी में इकोकार्डियोग्राफी कक्ष का अधीक्षक डॉ संजय कुमार ने फीता काटकर विधिवत उदघाटन किया. उनके साथ डॉ दिनबंधु, डॉ प्रेम प्रकाश, डॉ महादेव मंडल, डॉ पंकज कुमार, डॉ कनिष्क कुणाल, संजय पटवा सहित अनेक लोग उपस्थित थे. इसकी स्थापना ओपीडी के द्वीतीय तल पर अवस्थित मेडिसिन विभाग के निकट की गयी है. इस मौके पर इलाज के लिए आये एक मरीज की इकोकार्डियोग्राफी जांच भी की गयी. जीएमसीएच अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि आज से अस्पताल में मरीजों के लिए ह्रदय से सम्बंधित विशेष जांच इकोकार्डियोग्राफी सुविधा की शुरुआत कर दी गयी है. डॉ. कुमार ने यह भी बताया कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर फिलहाल यह सेवा सप्ताह में एक दिन उपलब्ध करायी जायेगी.