राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर मकान सूचीकरण के पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति

राष्ट्रीय जनगणना 2027

By Abhishek Bhaskar | April 30, 2026 6:08 PM

भवानीपुर. राष्ट्रीय जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. प्रशिक्षण के उपरांत मकान सूचीकरण हाउस लिस्टिंग कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई.प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने प्रखंड परिसर स्थित डॉक्टर अंबेडकर सभागार में सभी पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और कार्य की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में मकान सूचीकरण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने की जिम्मेदारी पर्यवेक्षकों को सौंपी गई.इस अवसर पर पंचायत स्तर पर प्रतिनियुक्ति पत्र का वितरण भी किया गया, जिससे पर्यवेक्षकों को उनके कार्यक्षेत्र और दायित्वों की स्पष्ट जानकारी मिल सके. बीडीओ मनोज कुमार ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण कार्य पूरी पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उन्होंने आगे कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता और ईमानदारी आवश्यक है.बैठक में लिपिक नीरज कुमार सहित सभी पर्यवेक्षक मौजूद रहे और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.