फॉर्मर आईडी निर्माण कार्य का बीडीओ ने लिया जायजा

अमौर

By Abhishek Bhaskar | February 14, 2026 5:46 PM

अमौर. कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार की महत्वाकांक्षी योजना फॉर्मर आइडी कार्ड बनाने का कार्य इन दिनों जोरों पर है. इसी क्रम में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी राजा राम पंडित ने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बीडीओ राजा राम पंडित ने पंचायत कार्यालयों और ई-केवाईसी केंद्रों पर पहुंचकर यह देखा कि अब तक कितने किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है. उन्होंने डेटा एंट्री की गति पर संतोष जताया लेकिन लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना.उन्होंने किसानों को समझाया कि यह फॉर्मर आईडी उनके लिए क्यों जरूरी है. उन्होंने पंचायत सचिवों और संबंधित कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र किसान इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने पंजीकरण में पारदर्शिता और शुद्धता बरतने पर जोर दिया.बीडीओ राजा राम पंडित ने बताया कि इस डिजिटल पहचान पत्र के माध्यम से किसानों को भविष्य में लाभ मिलेंगे जिसमें सरकारी योजनाओं की राशि सीधे बैंक खाते में आएगी.बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी. बीज, खाद और कृषि यंत्रों के लिए आवेदन करना आसान हो जाएगा. हमारा लक्ष्य प्रत्येक किसान को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है. फॉर्मर आईडी न केवल उनकी पहचान सुनिश्चित करेगी, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को भी सरल बनाएगी. मौके पर बरबट्टा पंचायत मुखिया सह मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष गुलाम अजहर सहित अन्य मौजूद थे.