पूर्णिया एयरपोर्ट पर यात्रियों का ‘महाआगमन’, रोजाना सफर कर रहे 1000 से अधिक यात्री; देखें इंडिगो और स्टार एयर का लेटेस्ट टाइम टेबल

Airport: सीमांचल वासियों के लिए लाइफलाइन बने पूर्णिया एयरपोर्ट ने नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम किया है. लोकार्पण के कुछ ही महीनों के भीतर यहाँ से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का आंकड़ा औसतन 1000 के पार पहुंच गया है, जिससे यह बिहार के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स की सूची में शामिल होने की ओर अग्रसर है.

By Divyanshu Prashant | May 28, 2026 10:01 AM

Airport: पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट: पूर्णिया और आसपास के कोसी-सीमांचल जिलों के हवाई यात्रियों के लिए एक बेहद सुखद और उत्साहजनक खबर है. पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की जा रही है. पिछले लगातार कई दिनों से यहाँ यात्रियों का दैनिक आंकड़ा (Footfall) 1000 के पार रिकॉर्ड किया जा रहा है.

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बीते 27 मई (बुधवार) को पूर्णिया एयरपोर्ट पर आने वाले (आगमन) यात्रियों की संख्या 575 रही, जबकि यहाँ से उड़ान भरने वाले (प्रस्थान) यात्रियों की संख्या 436 दर्ज की गई. इस प्रकार महज एक दिन में कुल 1011 यात्रियों ने इस हवाई अड्डे से आवागमन किया.

पिछले 15 दिनों से लगातार बना है ‘हजार प्लस’ का रिकॉर्ड

हवाई यात्रियों की मांग और सुविधाओं में विस्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले दो हफ्तों से लगभग हर दिन यात्रियों की कुल संख्या एक हजार के इर्द-गिर्द या उससे अधिक रह रही है.

मई महीने के प्रमुख दैनिक आंकड़े:

  • 26 मई: 1020 यात्री
  • 25 मई: 1000 यात्री
  • 24 मई: 1065 यात्री
  • 23 मई: 1018 यात्री
  • 22 मई: 1017 यात्री
  • 21 मई: 1056 यात्री
  • 20 मई: 1047 यात्री
  • 18 मई: 1118 यात्री
  • 17 मई: 1137 यात्री

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष 15 सितंबर को बहुप्रतीक्षित पूर्णिया एयरपोर्ट का भव्य लोकार्पण किया था. शुरुआत के बाद से ही इस क्षेत्र में विमानन सेवाओं की जबरदस्त मांग देखी जा रही है, जिसे देखते हुए एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार लगातार नई उड़ानें निर्धारित कर परिचालन सुनिश्चित कर रही हैं.

दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानें, देखें वर्तमान समय-सारणी

वर्तमान में पूर्णिया एयरपोर्ट से देश के प्रमुख महानगरों के लिए इंडिगो (IndiGo) और स्टार एयर (Star Air) द्वारा नियमित उड़ानों का संचालन किया जा रहा है. यात्रियों की सहूलियत के लिए वर्तमान आधिकारिक टाइम टेबल इस प्रकार है:

1. स्टार एयर (Star Air)

  • फ्लाइट नंबर S5-618 / 619 (अहमदाबाद रूट):
    • अहमदाबाद से पूर्णिया आगमन: सुबह 08:45 बजे
    • पूर्णिया से अहमदाबाद प्रस्थान: दोपहर 13:05 बजे
  • फ्लाइट नंबर S5-620 / 621 (कोलकाता रूट):
    • पूर्णिया से कोलकाता प्रस्थान: सुबह 09:25 बजे
    • कोलकाता से पूर्णिया आगमन: दोपहर 12:25 बजे

2. इंडिगो (IndiGo)

  • फ्लाइट नंबर 6E-7924 / 7925 (कोलकाता रूट):
    • कोलकाता से पूर्णिया आगमन: सुबह 11:20 बजे
    • पूर्णिया से कोलकाता प्रस्थान: दोपहर 11:55 बजे
  • फ्लाइट नंबर 6E-6559 / 6560 (दिल्ली रूट):
    • दिल्ली से पूर्णिया आगमन: दोपहर 13:00 बजे
    • पूर्णिया से दिल्ली प्रस्थान: दोपहर 13:55 बजे
  • फ्लाइट नंबर 6E-5935 / 5936 (हैदराबाद रूट):
    • हैदराबाद से पूर्णिया आगमन: दोपहर 15:00 बजे
    • पूर्णिया से हैदराबाद प्रस्थान: दोपहर 15:55 बजे

यात्रियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए स्थानीय चैंबर ऑफ कॉमर्स और बुद्धिजीवियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई के लिए भी जल्द ही सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग की है.