सांसद ने अजमेर शरीफ में चादरपोशी कर मांगी पूर्णिया की तरक्की की दुआ

पूर्णिया

By ARUN KUMAR | February 17, 2026 5:38 PM

पूर्णिया. पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार को अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचकर चादरपोशी की और पूर्णिया के साथ सीमांचल एवं प्रदेश में अमन, भाईचारे तथा खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी. उन्होंने कहा कि सूफी संतों की यह पवित्र धरती इंसानियत, प्रेम और एकता का संदेश देती है, जो समाज को जोड़ने की प्रेरणा देती है. चादरपोशी के दौरान सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र पूर्णिया के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और विकास के लिए भी प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि अल्लाह सभी के दिलों में मोहब्बत बनाए रखें, समाज में सद्भाव मजबूत हो और देश के साथ-साथ पूर्णिया में भी तरक्की और खुशहाली का उजाला फैले. गौरतलब है कि सांसद पप्पू यादव हाल ही में पटना में नीट छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मुखर आवाज उठाने को लेकर पुलिस कार्रवाई के बाद जेल गए थे. रिहाई के बाद उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे हमेशा सच और न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे और जनता के अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे. इधर, उनके प्रतिनिधि राजेश यादव ने जानकारी दी कि सांसद बुधवार 18 फरवरी को दिल्ली से पूर्णिया लौटेंगे. पूर्णिया एयरपोर्ट से अर्जुन भवन तक भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है, जहां हजारों की संख्या में लोग अपने नेता का स्वागत करने पहुंचेंगे.