14 साल पुराने मामले में लाल वारंट जारी होने पर फरार परवेज को अमौर पुलिस ने दबोचा

पूर्णिया जिले की अमौर थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था और फरार अपराधियों की धरपकड़ के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है.

By Abhishek Bhaskar | June 7, 2026 6:13 PM

अमौर. पूर्णिया जिले की अमौर थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था और फरार अपराधियों की धरपकड़ के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने करीब 14 साल पुराने एक आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपित को लाल वारंट के आधार पर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दलमालपुर निवासी परवेज उम्र 37 वर्ष कई वर्षों से फरार चल रहा था जिसे अमौर पुलिस ने गिरफ्तार किया. थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि आरोपित परवेज के खिलाफ साल 2011 में अमौर थाने में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया था. इस मामले में वह काफी समय से न्यायालय और पुलिस की नजरों से बचकर फरार चल रहा था, जिसके बाद अदालत द्वारा उसके खिलाफ लाल वारंट जारी किया गया था. गुप्त सूचना और न्यायालय के सख्त निर्देश (लाल वारंट) के आलोक में अमौर थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार, अपर थानाध्यक्ष अनंत राम सहित पुलिस बल एवं एसटीएफ ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की. पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपित परवेज को उसके गृह क्षेत्र से दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.