पटना. बर्ड फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. दरभंगा के बाद भागलपुर (नवगछिया) में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद पटना जू में एहतियातन कई कड़े और जरूरी कदम उठाये गये हैं, ताकि किसी भी तरह का संक्रमण न तो जू के अंदर प्रवेश कर सके और न ही जू से बाहर फैले. जू प्रशासन का कहना है कि पशु-पक्षियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जायेगी. गेट नंबर-2 और मुख्य गेट पर पर्यटकों के लिए पोटेशियम परमैंग्नेट मिले पानी के साथ कार्पेट बिछाये गये हैं. पर्यटकों के जूतों और वाहनों के टायरों को सैनिटाइज करने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है.