Patna Teacher Kidnapping : शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी निवासी एक सरकारी शिक्षक के अपहरण मामले का पटना पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अपहृत शिक्षक को रोहतास जिले के कुदरा से सकुशल बरामद कर लिया. गिरफ्तार सभी आरोपितों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
बिजनेस के लिए लिया था 14 लाख रुपये का उधार
पुलिस के अनुसार झारखंड के पलामू निवासी उपेंद्र सिंह औरंगाबाद के नवीनगर में सरकारी शिक्षक हैं और परिवार के साथ पटना के एजी कॉलोनी में रहते हैं. उन्होंने व्यवसाय के लिए रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के सोहवलिया निवासी सोनू कुमार से करीब 13 से 14 लाख रुपये उधार लिए थे. लंबे समय से रुपये वापस नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
आरा बुलाकर किया अपहरण
छुट्टी पर पटना आए शिक्षक को सोनू कुमार ने योजना के तहत आरा बुलाया. वहां अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनका अपहरण कर रोहतास स्थित अपने घर ले गया. शिक्षक के लापता होने पर उनकी पत्नी रीना सिंह ने शास्त्रीनगर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई.
तकनीकी जांच से पुलिस ने किया खुलासा
मामले की जांच में जुटी पटना पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मुख्य आरोपित सोनू कुमार समेत करगहर निवासी इसराद आलम, भरतलवा निवासी राकेश कुमार और कैमूर निवासी दिवाकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपितों ने शिक्षक को रोहतास के कुदरा में छोड़ दिया. वहां से शिक्षक कुदरा थाना पहुंचे, जहां से पटना पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया.
डीएसपी बोले- रुपये के विवाद में रची गई थी साजिश
डीएसपी-2 सचिवालय साकेत कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई. जांच में सामने आया कि शिक्षक ने पहले सोनू कुमार से लगभग 13-14 लाख रुपये उधार लिए थे और राशि वापस नहीं कर रहे थे. इसी विवाद के कारण सोनू कुमार ने अपने तीन सहयोगियों के साथ मिलकर आरा से शिक्षक का अपहरण कर लिया था. पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
