पटना (मनेर) से सुयेब खान की रिपोर्ट
Patna Electricity Theft : बिजली चोरी के खिलाफ पटना जिले के मनेर विद्युत प्रमंडल की विशेष टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा. सभी के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए मनेर थाना में विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
विशेष टीम ने चलाया छापेमारी अभियान
मनेर विद्युत सब स्टेशन अंतर्गत विद्युत एसडीओ ललित रंजन और सहायक विद्युत अभियंता (एसटीएफ) बिहटा जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर किता चौहत्तर मध्य पंचायत के इसलामगंज गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया.
टोका और बाईपास से हो रही थी बिजली चोरी
जांच के दौरान इसलामगंज निवासी पिंटू कुमार को टोका फंसाकर मोटर चलाकर खेत की सिंचाई करते पकड़ा गया. विभाग ने उन पर 67,051 रुपये का जुर्माना लगाया. वहीं मो. सैद अंसारी को बाईपास के जरिए घर में बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जिन पर 26,626 रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा मोहम्मद गफ्फार पर 31,590 रुपये, अब्दुल जब्बार पर 31,590 रुपये और अब्दुल रहमान पर 1,31,146 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
बिजली विभाग ने पांचों आरोपितों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मनेर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. छापेमारी अभियान में जेई सीताराम प्रसाद सहित बिजली विभाग के कई कर्मी शामिल रहे.
इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
