पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
NCC Patna: सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पटना में ‘मिशन सफर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. पुलिस अधीक्षक यातायात पटना के मार्गदर्शन में 26 बिहार बटालियन एनसीसी के कैडेट्स को सड़क सुरक्षा और प्राथमिक उपचार का विशेष प्रशिक्षण दिया गया.
कैडेट्स को मिला प्रैक्टिकल प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को यातायात नियमों की बारीकियों के साथ हेलमेट, सीट बेल्ट और स्पीड लिमिट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई. इसके साथ ही दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को सीपीआर, ब्लड कंट्रोल और बेसिक फर्स्ट एड देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया.
सिर्फ लेक्चर नहीं, हुआ प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए सड़क सुरक्षा विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. कैडेट्स ने ‘लापरवाही बनाम जिम्मेदारी’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए. विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

कैडेट्स बने सड़क सुरक्षा के ब्रांड एंबेसडर
एसपी यातायात ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अब केवल छात्र नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा के ब्रांड एंबेसडर बन चुके हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि ये कैडेट्स समाज में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
संकल्प के साथ समाप्त हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम में शामिल सभी NCC कैडेट्स ने संकल्प लिया कि वे अपने स्कूल, कॉलेज और मोहल्लों में सड़क सुरक्षा नियमों का प्रचार-प्रसार करेंगे. इस पहल को कैडेट्स और प्रशिक्षकों दोनों ने सराहा और इसे भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया.
also read: स्टार्टअप में कैसे बनाए करियर, एमएसएमई दिवस पर CA को दी गई अहम जानकारी
