– बाइक सवार तीन अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम, सिर में सटा कर मारी गोली
– बुद्धा कॉलोनी के बांसघाट के सामने काली मंदिर से सटी गली में हुई घटनापटना.बुद्धा कॉलोनी थाने के बांसघाट के सामने काली मंदिर से सटी गली में बाइक सवार तीन अपराधियों ने बुधवार की सुबह करीब पौने नौ बजे ठेकेदार उदय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. 40 वर्षीय उदय बांसघाट पर छठ घाट का काम करा रहे थे. काम की प्रगति देख कर जब वह काली मंदिर की बगल वाली मंदिरी गली में चाय और सिगरेट पी रहे थे, इसी दौरान अपराधी उनके सिर में सटा कर गोली मार दी. इसके बाद तीनों अपराधी एक बाइक पर सवार होकर राजापुर पुल की ओर फरार हो गये. घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गयी. जिस वक्त वारदात हुई, उस वक्त चाय दुकान पर दर्जनों लोग मौजूद थे, लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते, अपराधी बाइक लेकर फरार हो गये. गाेली लगने के बाद उदय वहीं गिर गये. सिर से खून निकलने लगा. आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टराें ने मृत घाेषित कर दिया. घटनास्थल से एक खाेखा बरामद किया गया है. हालांकि, दाे गाेलियां चली हैं.