NAWADA NEWS: नवादा कार्यालय : हनुमान जी के प्रति अटूट आस्था का केंद्र बने जिले के संकट मोचन मंदिर में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की कामना करते हैं.संकट मोचन मंदिर के महंत नकुल दास जी ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजा-पाठ करते हैं. उन्होंने कहा कि लोगों की मंदिर के प्रति गहरी आस्था है. श्रद्धालु यहां अपनी मनोकामनाओं के साथ आते हैं और भगवान की कृपा प्राप्त कर संतोष के साथ लौटते हैं.
सुबह-शाम होती है महाआरती
मंदिर में प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे और शाम 6:00 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाता है. आरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र होकर सामूहिक रूप से आरती में शामिल होते हैं और हनुमान जी का गुणगान करते हैं.मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालु अपनी नई गाड़ियों की पूजा-अर्चना कराने के लिए भी मंदिर पहुंचते हैं. महंत नकुल दास जी ने बताया कि हनुमान जी को मंगलकारी माना गया है. श्रद्धालु अपने शुभ कार्यों की शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ करते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं. मंदिर में पूरे वर्ष श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है, जबकि मंगलवार और शनिवार को विशेष भीड़ देखने को मिलती है.
