नवादा से बब्लू कुमार की रिपोर्ट
Nawada Husband killed Wife : नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गुस्से में बेकाबू पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे पत्नी के भाई पर भी आरोपी ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
Husband killed Wife :लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
मृतका की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है, जो चैनपुरा गांव निवासी रामप्रवेश सिंह के पुत्र चंद्रमौलि सिंह की पत्नी थी. स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे और मामला पहले भी कोर्ट तक पहुंच चुका था. तनाव को कम करने के लिए दोनों पक्षों से बॉन्ड भी भरवाया गया था, लेकिन इसके बावजूद रिश्तों में सुधार नहीं हो सका.

Nawada News : छोटी कहासुनी ने लिया जानलेवा रूप
जानकारी के अनुसार शनिवार को फिर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया.
बहन को बचाने पहुंचे भाई पर भी हमला
घटना के दौरान जब पूजा कुमारी की चीख सुनकर उसका भाई उसे बचाने पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. युवक के पेट में चाकू लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया. आनन-फानन में परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
Nawada Police : पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही वारसलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है. वहीं महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.

Crime News : गांव में पसरा सन्नाटा, लोग सहमे
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग इस बात से हैरान हैं कि एक पारिवारिक विवाद इतना खतरनाक रूप ले सकता है. आसपास के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद सुलझा लिया जाता तो शायद यह घटना नहीं होती.
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
पुलिस और प्रशासन ने साफ किया है कि मामले में दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि घरेलू विवाद अगर समय पर नहीं सुलझे, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है.
