नालंदा से रामविलास की रिपोर्ट
Panchayat Vikas Diwas: राजगीर प्रखंड के गोरौर पंचायत सरकार भवन में रविवार को पहली बार पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया. प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा करना, जनभागीदारी बढ़ाना तथा ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ना है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरौर पंचायत के मुखिया संतोष कुमार दिवाकर ने की। बैठक में पंचायत में संचालित विकास योजनाओं, अब तक की उपलब्धियों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई.
महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ थीम पर विशेष चर्चा
इस अवसर पर ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ थीम को केंद्र में रखकर महिलाओं की भागीदारी, उनके अधिकारों, आत्मनिर्भरता और पंचायत विकास में उनकी भूमिका पर विशेष विमर्श किया गया। उपस्थित जीविका दीदियों ने भी अपने सुझाव दिए और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए.

जनभागीदारी से होगा पंचायत का समग्र विकास
मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता ने कहा कि पंचायतों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि, सरकारी कर्मी और ग्रामीण मिलकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने पंचायत विकास दिवस को सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी मंच बताते हुए सभी से नियमित सहभागिता की अपील की.
विकास योजनाओं की होगी पारदर्शी समीक्षा
प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. एजाज आलम ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य विकास योजनाओं की पारदर्शी समीक्षा करना, स्थानीय समस्याओं का समाधान निकालना तथा ग्रामीणों के सुझावों को योजनाओं में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को इस प्रकार का आयोजन कर पंचायतों की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा.
ग्रामीणों ने रखे विकास से जुड़े सुझाव
कार्यक्रम में प्रखंड पंचायत पदाधिकारी अपराजिता, पंचायत सचिव सहित पंचायत स्तर के सभी कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों, जीविका दीदियों और जनप्रतिनिधियों से पंचायत विकास में सामूहिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने सड़क, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे.
पंचायत विकास और महिला सशक्तिकरण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में पंचायत के समग्र विकास, जनसहभागिता और महिला सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ पंचायत विकास दिवस का नियमित आयोजन करने पर सहमति व्यक्त की गई.
इसे भी पढ़ें:नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में
