ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट, दो शातिर भीड़ के हत्थे चढ़े, महिला साथी फरार

Two criminals were caught by the mob

By CHANDAN | October 9, 2025 8:52 PM

: सदर थाना क्षेत्र के रेवा रोड की घटना : गिरोह में शामिल एक महिला मौके से फरार : पुलिस दोनों आरोपी से पूछताछ के बाद भेजा जेल संवाददाता, मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के रेवा रोड में ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधी गुरुवार को भीड़ के हत्थे चढ़ गए. आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार बदमाशों की पहचान काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी सूरज कुमार और सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही डुमरी निवासी राजा कुमार के रूप में हुई है. गिरोह में शामिल एक महिला साथी मौके से फरार हो गई. घटना के संबंध में वैशाली जिले के मंसूरपुर निवासी पीड़ित सवारी सकलदेव साह ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने दोनों आरोपितों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पीड़ित ने बताया कि वह परचून की दुकान चलाते हैं. सामान की खरीदारी के लिए मुजफ्फरपुर आए थे. लौटते समय रेवा रोड पर बस पकड़ने के लिए खड़े थे, तभी एक ऑटो चालक ने घर छोड़ देने की बात कही. वे ऑटो में बैठ गए. थोड़ी दूरी पर चालक ने एक महिला को भी बैठा लिया. कुछ आगे बढ़ने पर महिला ने उनका गमछा से मुंह ढक दिया, जबकि ऑटो में बैठे एक अन्य युवक ने उनकी जेब से तीन हजार रुपये निकाल लिए. सकलदेव साह ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग जुट गए और दोनों बदमाशों को पकड़ लिया. भीड़ ने उनकी जमकर धुनाई की, इस दौरान महिला साथी मौके से फरार हो गई. थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है