आश्रम घाट के पास मिला नवजात का शव
Newborn's body found near Ashram Ghat
संवाददाता, मुजफ्फरपुर सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बूढ़ी गंडक नदी किनारे रविवार की दोपहर आश्रम घाट के पास एक नवजात का शव मिला. दरअसल, कुछ बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे. खेलते-खेलते बच्चों की नजर नवजात के शव पर पड़ी. स्थानीय नीतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि बच्चों के शोर मचाने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी. इसकी सूचना तत्काल सिकंदरपुर पुलिस को दी गयी. वही सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया. जांच पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके. सिकंदरपुर थानेदार दुखी कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह पता चला है कि शव पानी में होने के कारण पूरी तरह से फूल गया है. जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो रहा है. शव के नाभी में अस्पताल का क्लिप लगा है.अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नवजात का शव आश्रम घाट तक कैसे पहुंचा.क्या इसे नदी में बहाया गया था या किसी और तरीके से यहां फेंका गया. पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
