Muzaffarpur Wife Murder: सनकी पति का तांडव, ससुराल पहुंच हंसिया से गला रेत पत्नी को मार डाला

Muzaffarpur Wife Murder: राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा में पति मनोज कुमार ने ससुराल पहुंचकर पत्नी रिंकू देवी की हंसिया से गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

By सुनील कुमार सिंह | July 6, 2026 10:07 AM

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से गोविंद प्रसाद की रिपोर्ट

Muzaffarpur Wife Murder: जिले के साहेबगंज अंतर्गत राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां सोमवार की अहले सुबह करीब 3 बजे एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की हंसिया से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस खौफनाक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

मायके आई पत्नी से रात में हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 26 वर्षीय रिंकू देवी के रूप में की गई है. मृतका की मां ने बताया कि रिंकू पिछले कुछ समय से अपने मायके नवादा गांव में ही रह रही थी. सोमवार की रात उसका पति मनोज कुमार भगत अपनी ससुराल पहुंचा था. देर रात किसी घरेलू बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच काफी कहासुनी और झगड़ा हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मनोज कुमार ने घर में रखे धारदार हंसिया से रिंकू देवी की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

चार वर्ष पहले हुई थी शादी, दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

परिजनों ने बताया कि करीब 4 वर्ष पहले उन्होंने अपनी पुत्री रिंकू की शादी हरनाही गांव के निवासी राजेंद्र भगत के पुत्र मनोज कुमार भगत के साथ बड़ी धूमधाम से की थी. मृतका अपने पीछे एक मासूम पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई है. इस घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है.

पुलिस और एफएसएल की टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल किए गए हंसिया को अपने कब्जे में ले लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं. पुलिस ने मृतका के पिता राजेंद्र भगत के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार आरोपी मनोज की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

ये भी पढ़ें: धारदार हथियार से बिजली ट्रांसफार्मर को किया क्षतिग्रस्त, डेढ़ सौ घरों में बत्ती गुल