Muzaffarpur: मनियारी में केक हाउस में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मनियारी में देर रात ‘केक हाउस’ बेकरी दुकान में भीषण आग लग गई. हादसे में मशीनें, खाद्य सामग्री और अन्य सामान जलकर राख हो गए. दुकानदार को करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. पढ़ें पूरा अपडेट…

By Aniket Kumar | May 9, 2026 10:45 AM

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड स्थित मनियारी थाना क्षेत्र में देर रात एक बेकरी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. महंथ मनियारी हाईस्कूल के पास स्थित ‘केक हाउस’ में लगी आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई.

देर रात धधक उठी दुकान

जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था. आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

मशीनें और सामान जलकर राख

दुकान संचालक अभिषेक साह ने बताया कि आग में बेकरी से जुड़ी मशीनें, फर्नीचर, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक घटना में करीब दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है.

वैशाली के रहने वाले हैं दुकानदार

बताया गया कि अभिषेक साह मूल रूप से वैशाली जिले के कटहरा ओपी क्षेत्र स्थित शेरपुर जलाल गांव के निवासी हैं. वे मनियारी में किराये के मकान में रहकर बेकरी दुकान चला रहे थे.

प्रशासन को दी गई सूचना

घटना के बाद दुकानदार ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी है. पीड़ित का कहना है कि आग लगने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.

मुजफ्फरपुर के मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट…