Muzaffarpur News: सावधान! जंक्शन पर यात्रियों के मोबाइल उड़ाने वाला गिरोह गिरफ्तार, लाखों के हैंडसेट बरामद हुए

Muzaffarpur News: जंक्शन पर आरपीएफ ने 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत अररिया और बंगाल के दो शातिर मोबाइल चोरों को दबोचा. इनके पास से 2.50 लाख रुपये के 6 महंगे मोबाइल बरामद हुए हैं. मुख्य आरोपी रिंकू पर कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. पढ़ें पूरी खबर …

By सुनील कुमार सिंह | May 7, 2026 12:50 PM

Muzaffarpur News: जंक्शन पर यात्रियों के सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है. आरपीएफ और सीआइबी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 से एक शातिर अपराधी और एक किशोर को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से लाखों रुपये के मोबाइल बरामद किए गए हैं.

महंगे टचस्क्रीन मोबाइल बरामद, बंगाल और अररिया से जुड़े हैं तार

प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अररिया निवासी रिंकू कुमार और पश्चिम बंगाल के एक किशोर को संदिग्ध स्थिति में घेराबंदी कर पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 6 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें 5 महंगे टचस्क्रीन और 1 कीपैड फोन शामिल है. बरामद फोन की कुल कीमत लगभग 2,50,000 रुपये आंकी गई है. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे जंक्शन पर भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल उड़ाते थे.

रिंकू कुमार है पेशेवर अपराधी, कई जिलों में दर्ज हैं मामले

जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार रिंकू कुमार एक शातिर पेशेवर अपराधी है. उस पर पहले से ही बेगूसराय, कटिहार और पटना जीआरपी में चोरी के अलावा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. आरपीएफ की इस कामयाबी से जंक्शन पर सक्रिय मोबाइल चोरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है.

मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट