मुजफ्फरपुर में लापता विवाहिता का अर्धनग्न शव ईंट भट्ठे से बरामद, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र से लापता विवाहिता खुशबू कुमारी का शव गायघाट के एक बंद ईंट भट्ठे से बरामद हुआ. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस जांच में जुटी है.

By Aaruni Thakur | June 29, 2026 7:48 PM

मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र से पांच दिन पहले लापता हुई विवाहिता खुशबू कुमारी का शव सोमवार को गायघाट थाना क्षेत्र के लादी गांव स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे से बरामद हुआ. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है.

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर की प्रगति राज ने लगातार दूसरी बार जीता सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग का स्वर्ण पदक

पांच दिन से थी लापता

मृतका के पिता पियर थाना क्षेत्र के रत्नमनिया निवासी विनोद राम ने बताया कि उनकी बेटी खुशबू कुमारी की शादी 26 फरवरी 2025 को नूनफारा गांव निवासी बिट्टू राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. बाद में कार्यपालक दंडाधिकारी, मुजफ्फरपुर के समक्ष शपथ पत्र भी बनाया गया था.

उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था.

परिजनों का आरोप- मारकर शव छिपाया गया

विनोद राम ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 24 जून को बिट्टू कुमार, रामू राम, रीना देवी, मंजीत कुमार, छोटू कुमार, रूबी कुमारी और शारदा कुमारी ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या कर दी.

यह परिजनों का आरोप है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी व लोग

ईंट भट्ठे में बोरे से ढका मिला शव

सोमवार दोपहर एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि बंद पड़े ईंट भट्ठे में एक महिला का शव छिपाकर रखा गया है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव अर्धनग्न अवस्था में मिला. पुलिस के अनुसार, शव पर यूरिया खाद डाली गई थी और उसे बोरे से ढक दिया गया था. घटनास्थल विवाहिता के ससुराल से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताया गया है.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए.

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.

ससुराल पक्ष के लोग फरार

एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.

उन्होंने बताया कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारियों का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: बिहार सरकार अब युवाओं को देगी 6 हजार रुपये, इंटर्नशिप करने का मिला सुनहरा मौका