मुजफ्फरपुर से सुनील कुमार सिंह की रिपोर्ट
Kanti Development Projects: नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई.अजीत कुमार ने सवा करोड़ रुपये की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण जनोपयोगी योजनाओं का शिलान्यास किया. इन योजनाओं में दो बड़े नालों का निर्माण और कांटी हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग का बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य शामिल है. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक का फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया और उनके प्रति आभार जताया.
वार्ड 13 और 22 में जलजमाव से मुक्ति के लिए बनेंगे दो नाले
विधायक ने सबसे पहले कांटी कोठिया वार्ड नंबर 13 में कन्या मध्य विद्यालय के समीप से लोहार टोला तक बनने वाले नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी लागत लगभग 25 लाख रुपये है. इसके बाद उन्होंने वार्ड नंबर 22 कुशी हरपुर में लगभग 9 लाख रुपये की लागत से उपेंद्र ठाकुर के घर से संजीव ठाकुर के घर तक बनने वाले नाला निर्माण कार्य की नींव रखी. इन दोनों नालों के बनने से स्थानीय लोगों को जलजमाव की गंभीर समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी.
कांटी से बहादुरपुर मार्ग का कायाकल्प
इसके बाद विधायक अजीत कुमार ने क्षेत्र की जनता की बेहद पुरानी और बड़ी मांग को पूरा करते हुए कांटी हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. उन्होंने बताया कि पूर्व में जर्जर सड़क होने के कारण हजारों लोगों को लगभग 6 से 7 किलोमीटर की लंबी दूरी घूमकर तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह परेशानी पूरी तरह दूर हो जाएगी. उन्होंने संवेदक को सड़क का निर्माण पूरी तरह मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया.
जल्द बनेगा वृद्धाश्रम और बड़ा पार्क
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने घोषणा की कि कांटी नगर परिषद क्षेत्र में बहुत जल्द एक आधुनिक वृद्धाश्रम और कांटी ब्लॉक परिसर में एक बड़े पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास कार्यों की सतत निगरानी करें. इस मौके पर नगर परिषद के सभापति दिलीप कुमार और उपसभापति अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि विधायक के मजबूत सहयोग से नगर परिषद में विकास कार्य काफी तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं. कार्यक्रम में कई पार्षद और सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: हाईटेक हुआ पुलिस का नेटवर्क, अब 120 फीट ऊंचे टावर से गूंजेगी ‘क्रिस्टल क्लियर’ आवाज
