अब सिर्फ 20 रुपये में पूरे भारत में भेजें किताबें, डाक विभाग ने शुरू की ‘ज्ञान पोस्ट’ सेवा

डाक विभाग ने 'ज्ञान पोस्ट' सेवा शुरू की है, जिसके तहत अब सिर्फ 20 रुपये में पूरे भारत में किताबें भेजी जा सकती हैं. इस सेवा में ट्रैकिंग, पोस्टिंग और डिलीवरी सर्टिफिकेट की सुविधा भी मिलेगी.

By Sarfaraz Ahmad | July 5, 2026 10:50 PM

India Post: डाक विभाग ने पुस्तकों और शैक्षणिक सामग्री को कम खर्च में देशभर तक पहुंचाने के लिए ‘ज्ञान पोस्ट’ सेवा शुरू की है. मुजफ्फरपुर के कंपनीबाग स्थित प्रधान डाकघर में इसकी शुरुआत हो चुकी है. इस सेवा के तहत अब सिर्फ 20 रुपये में भारत के किसी भी हिस्से में किताबें भेजी जा सकती हैं. छात्रों और शिक्षकों के बीच इस सुविधा को लेकर अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है.

यह भी पढ़ें: पढ़ने की जिद: ‘मुझे शादी नहीं, करियर बनाना है’… माता-पिता के खिलाफ थाने पहुंची छात्रा

हर दिन 40 से 45 बुकिंग, ट्रैकिंग की भी सुविधा

डाक विभाग के अनुसार, ज्ञान पोस्ट सेवा का उद्देश्य सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक सामग्री जैसे किताबें, पत्रिकाएं और साहित्यिक दस्तावेजों को रियायती दर पर देशभर में पहुंचाना है.

डाकघर में प्रतिदिन 40 से 45 बुकिंग हो रही हैं. इस सेवा में ट्रैकिंग, पोस्टिंग और डिलीवरी सर्टिफिकेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. अब यह सेवा सभी डाकघरों में शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें: बिहार में 5 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा निरानी ग्रुप, रोजगार सृजन पर रहेगा फोकस

5 किलो तक भेजी जा सकेगी शैक्षणिक सामग्री

ज्ञान पोस्ट के माध्यम से 300 ग्राम से लेकर 5 किलोग्राम तक की पुस्तकें और अन्य गैर-व्यावसायिक शैक्षणिक सामग्री भेजी जा सकती है. इस योजना के तहत केवल किताबें, मुद्रित शैक्षणिक, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक सामग्री ही भेजी जा सकेगी. सामान्य या व्यावसायिक वस्तुओं की बुकिंग नहीं होगी.

ज्ञान पोस्ट के लिए निर्धारित डाक शुल्क

सामग्री का वजनशुल्क (रुपये)
300 ग्राम तक20
301 से 500 ग्राम25
501 ग्राम से 1 किलोग्राम35
1 से 2 किलोग्राम50
2 से 3 किलोग्राम65
3 से 4 किलोग्राम80
4 से 5 किलोग्राम100

डाक विभाग ने बताया महत्वपूर्ण कदम

आरएमएस डाक विभाग के अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने कहा कि यह पहल डिजिटल और शैक्षणिक भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि ज्ञान पोस्ट के तहत भेजी गई पुस्तकों और शैक्षणिक सामग्री की ट्रैकिंग इंडिया पोस्ट की वेबसाइट पर की जा सकती है. कम शुल्क होने के कारण बड़ी संख्या में लोग इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं.