पूजन सामग्री की दुकानों पर जुटने लगी भीड़, तांबा व पीतल के कलश की अधिक डिमांड

हर तरफ पूजा पंडाल और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है.

By Prabhat Khabar News Desk | September 28, 2024 7:50 PM

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर दुर्गा पूजा शुरू होने में महज चार दिन शेष है. बाजार भी दशहरा के रंग में रंग गया है. हर तरफ पूजा पंडाल और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है. श्रद्धालु अभी से खरीदारी शुरू कर दिए हैं. पूजन सामग्री की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. महंगाई पर लोगों का उत्साह भारी पड़ता दिख रहा है. महंगाई के बावजूद लोग अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं. मां का दरबार सजाने के लिए लोग चुनरी, आसन, दीपक, घी, तील का तेल, कपूर, मौली, अरवा चावल, सुपारी, लांग, इलायची, मेवा, जाप की माला, नारियल आदि सामान की खरीदारी कर रहे हैं. छोटे व बड़े मिट्टी के कलश के साथ लोग पीतल व तांबे के कलश की भी खरीदारी कर रहे हैं. बहुत से लोग नवरात्र में नौ दिन तक लगातार अखंड ज्योति जलाते हैं. इसको लेकर पीतल के कई वेरायटी के दीये बाजार में उपलब्ध है. मां को खुशबू बहुत प्रिय है, ऐसे में बाजार अगरबत्ती व धूप की सैकड़ो वेरायटी उपलब्ध है. इसमें चंदन, मोगरा, लोहवान, गुगुल, गुलाब आदि सुगंध के धूप की खूब बिक्री हो रही है. धूप की बत्ती भी अगरबत्ती के स्टीक की तरह बाजार में उपलब्ध हो चुकी है. उसे जलाने के लिए उसके हर पैकेट में एक चीनी मिट्टी का स्टैंड उपलब्ध है. लोग इसकी खूब खरीदारी कर रहे हैं. नवरात्र में बहुत से लोग प्रतिदिन सुबह शाम हवन करते हैं. इसको लेकर धूप की लकड़ी, तील, जौ की खरीदारी खूब हो रही है. पूजन सामग्री विक्रेताओं की माने तो यह पर्व ऐसा है इसमें हर कोई अपनी क्षमता से बढ़कर खरीदारी करते हैं. पूजा पाठ के सामान में वह कोई समझौता नहीं करते.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है