पुरानी गुदरी रोड में कर्ज विवाद में दो पक्षों में झड़प, आधा दर्जन घायल

Clashes between two parties in loan dispute

By CHANDAN | September 16, 2025 9:03 PM

नगर थाना क्षेत्र के पुरानी गुदरी रोड की घटना, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी संवाददाता, मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के पुरानी गुदरी रोड में रविवार रात कर्ज के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई. इसमें दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए. पुलिस और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया. बाद में दोनों पक्षों ने नगर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. एक पक्ष के जख्मी मो. निजामुद्दीन ने बताया कि मो. नसीम अहमद ने उनसे एक लाख रुपये कर्ज लिया था और फरार है. रविवार को नसीम के रिश्तेदार मो. मुन्ना और उनके तीन बेटों से कर्ज के बारे में पूछने पर विवाद हो गया. आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज कर दुर्व्यवहार किया. निजामुद्दीन ने डायल-112 पर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया. लेकिन पुलिस के जाने के बाद फिर हमला हुआ. निजामुद्दीन का आरोप है कि मुन्ना और उनके बेटों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला किया, जिससे उनके सीने और पेट में चोट लगी और खून बहने लगा. मारपीट में उनके माता-पिता भी घायल हो गए. बाद में उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया. दूसरी ओर, मो. रुस्तम ने दावा किया कि निजामुद्दीन समेत सात-आठ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुसे. कर्ज का हवाला देकर धमकी दी और मारपीट की. उन्होंने एक लाख रुपये नकद और आभूषण लूटने का भी आरोप लगाया. नगर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है