चेन स्नेचरों पर शिकंजा कसने की तैयारी, पड़ोसी जिलों को भेजा गया सीसीटीवी फुटेज

CCTV footage sent to neighboring districts

By CHANDAN | September 10, 2025 8:00 PM

चेन स्नेचरों का पड़ोसी जिलों को भेजा गया सीसीटीवी फुटेज, हिस्ट्रीशीटरों की खंगाल रही कुंडली

: सिटी एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की सूची तैयार करने को कहा

: शहर में चेन स्नेचर को पकड़ने को गठित होगा विशेष टीम संवाददाता, मुजफ्फरपुर

कलमबाग रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर डॉक्टर शैलेंद्र कुमार की पत्नी शशि सिंह से हुई चेन स्नैचिंग की घटना को 35 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई है. वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें दोनों बदमाशों का हुलिया स्पष्ट दिख रहा है. सिटी एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, सारण और गोपालगंज पुलिस को फुटेज भेजा गया है. इन जिलों से पूछा गया है कि कहीं यही अपराधी चेन स्नैचिंग या अन्य वारदात में पकड़े तो नहीं गए हैं. साथ ही, सिटी एसपी ने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की कुंडली खंगालने और शहर में विशेष टीम गठित कर चेन स्नैचरों पर शिकंजा कसने का निर्देश दिया है. उन्होंने सभी थानेदारों को संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज करने का आदेश दिया है. सुबह-शाम टहलने वाले प्वाइंट्स और सुनसान मोहल्लों में पेट्रोलिंग पर खास जोर दिया गया है.

जिले में चेन छिनतई की प्रमुख घटनाएं

जिले की बड़ी घटनाएं

जैतपुर:

एयरफोर्स जवान की पत्नी से चेन छीनने की कोशिश पर विरोध करने वाले जवान को बदमाशों ने गोली मार दी. हालांकि, पत्नी की बहादुरी से एक बदमाश को पकड़ लिया गया और ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया.

रामदयालु:

रामदयालु में एक महिला को बाल पकड़कर जमीन पर गिराया गया और उसकी चेन छीन ली गई. घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया.

अघोरिया बाजार:

अघोरिया बाजार चौक के पास बदमाशों ने एक प्रखंड शिक्षा अधिकारी की सोने की चेन झपट ली, जब वह ऑटो से उतर रही थीं. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अधिकारी ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई.

ब्रह्मपुरा:

ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक से सब्जी खरीदकर लौट रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली. वारदात के बाद लोगों ने विरोध किया, लेकिन अपराधी भीड़ को चकमा देकर भाग निकले.

मिठनपुरा:

मिठनपुरा में एक महिला के सिर पर पिस्तौल के बट से वार कर उसे घायल कर दिया गया. जांच में पता चला कि इसमें बाहरी गिरोह शामिल था, जिसने कई जिलों में इसी तरह की घटनाएं की थीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है