Muzaffarpur News: देवघर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पलटी, दो युवकों की मौत, पांच घायल

देवघर और कोलकाता से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो जहानाबाद के मखदुमपुर के पास टायर फटने से पलट गई. हादसे में बोचहाँ के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. पढ़ें पूरी खबर..

By Sarfaraz Ahmad | June 12, 2026 9:55 PM

मुजफ्फरपुर के बोचहाँ से चंद्रभूषण कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: झारखंड के देवघर और कोलकाता से घर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो गाड़ी शुक्रवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई. हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

टायर फटते ही अनियंत्रित हुई बोलेरो

जानकारी के अनुसार जहानाबाद जिले के पटना-गया मार्ग स्थित मखदुमपुर के पास बोलेरो का पिछला टायर अचानक फट गया. टायर फटते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क पर कई बार पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

दो युवकों की गई जान

मृतकों की पहचान बोचहाँ थाना क्षेत्र के कर्णपुर निवासी विद्यानंद सहनी के पुत्र सुजीत कुमार सहनी तथा मझौली पंचायत के तमोलिया गांव निवासी रामनंदन राय के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है. सुजीत कुमार सहनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

पांच घायलों का चल रहा इलाज

हादसे में भगवानपुर धरना गांव निवासी शिवनाथ कुमार, मझौली भट्ठा टोला निवासी विकास कुमार, मनभीतर कोयला स्थान निवासी अजीत यादव, निषाद द्वार निवासी विकास कुमार तथा मझौली निवासी नीतिश कुमार घायल हो गए. सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है. चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

देवघर दर्शन कर लौट रहे थे सभी

घायल शिवनाथ कुमार ने बताया कि सभी लोग देवघर में बाबा धाम के दर्शन करने के बाद कोलकाता गए थे. वहां से अपने घर लौटने के दौरान मखदुमपुर के पास बोलेरो का पिछला टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.

गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. वहीं दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.

शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.