Aaj Ka Darshan: बाबा गरीबनाथ मंदिर में मंगलवार की सुबह भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंगला आरती के बाद बैरिकेडिंग के जरिए श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश कराकर जलाभिषेक कराया गया. पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बाबा गरीबनाथ की जय” के जयघोष गूंजते रहे.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
पंचामृत से हुआ अभिषेक, फूलों से सजा बाबा का दरबार
सुबह मंदिर के सेवायत परिवार के पं. बच्चा पाठक ने विधि-विधान से बाबा गरीबनाथ का दूध, दही, घी, गंगाजल और शहद से पंचामृत अभिषेक कराया. इसके बाद गेंदा, गुलाब, बेला के फूलों और बेलपत्र से बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया.
श्रृंगार के बाद मंगला आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की.

जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार
आरती समाप्त होते ही श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के माध्यम से गर्भगृह में प्रवेश कराया गया. सुबह से ही मंदिर के बाहर लंबी कतार लगी रही. शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कराने पहुंचे.
भीड़ कम होने के बाद रुद्राभिषेक और विशेष पूजन कराने वाले श्रद्धालुओं की पूजा भी संपन्न कराई गई.
दिनभर जारी रहेगा दर्शन-पूजन
मंदिर प्रशासन के अनुसार दोपहर ढाई बजे प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक विधि-विधान से बाबा की पूजा और आरती करेंगे. इसके बाद कुछ समय के लिए गर्भगृह बंद रहेगा.
शाम चार बजे गर्भगृह दोबारा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाएगा. रात्रि नौ बजे तक श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे. इसके बाद रात्रि साढ़े नौ बजे पं. बैजू पाठक द्वारा अंतिम आरती के साथ दिनभर की पूजा-अर्चना का समापन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
