जांच के लिए भागलपुर आयी थी यूपी पुलिस, चालक को झपकी आने पर धपड़ी मोड़ के समीप हुआ हादसा हवेली खड़गपुर. बरियारपुर-खड़गपुर एनएच-333 पर रविवार की अहले सुबह धपड़ी मोड़ ढाबा के समीप उत्तर प्रदेश पुलिस की वाहन (अर्टिगा) अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी. इस हादसे में वाहन पर सवार दो सब इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों का प्राथमिक उपचार अनुमंडल अस्पताल खड़गपुर में किया गया. यहां दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार यूपी पुलिस दो दिन पूर्व एक मामले की जांच के सिलसिले में भागलपुर आयी थी. भागलपुर से जमुई लौटने के क्रम में धपड़ी मोड़ के समीप वाहन चला रहे कॉस्टेंबल संजीव कुमार को झपकी आ गयी और वाहन एक पेड़ से जा टकरायी. इससे वाहन पर सवार एसआई अभिजीत उपाध्याय, नीरज राय व कॉन्स्टेबल संजीव कुमार सिंह और जय प्रकाश घायल हो गये. हादसे के बाद घायल पुलिसकर्मियों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद शामपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, खड़गपुर में भर्ती कराया. यहां चिकित्सक डॉ अजीत कुमार ने सबों का प्राथमिक उपचार किया. जिसमें दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया. गनीमत रही कि उस समय आगे-पीछे कोई बड़ा वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घायल सभी पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना में पदस्थापित हैं. घटना के बाद शामपुर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है.