एसएसबी व पशु चिकित्सा विभाग ने लगाया शिविर, 309 पशुओं की हुई जांच हवेली खड़गपुर —————————— प्रखंड के मुरादे पंचायत के तिलवरिया गांव में शुक्रवार को एसएसबी की 16वीं वाहिनी और पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान से पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. एसएसबी के सहायक कमांडेंट अनिल कुमार के नेतृत्व में शिविर में पशुओं की जांच की गई. पशु चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने शिविर में ग्रामीणों के गाय, बैल, भैंस, बकरी की मेडिकल जांच किया. जिसमें 60 पशुपालकों के कुल 309 पशुओं की जांच के बाद पशुपालकों को उचित परामर्श व नि:शुल्क दवाइयां दी गई. डॉ. संजीव कुमार ने पशुपालकों को बताया कि अधिकांश पशु लंपी रोग से प्रभावित होते हैं. इससे बचाव के लिए पशुओं के रहने की जगह साफ-सुथरी रखने, बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने तथा समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी. साथ ही पशुओं के बंध्याकरण, समय पर गर्भाधान, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पोषण, कृमिनाशक दवाइयों और मिनरल मिक्सचर के उपयोग की जानकारी दी गई. कंपनी कमांडर अनिल कुमार ने कहा कि एसएसबी हमेशा ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ पशुओं के स्वास्थ्य की उचित देखभाल संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा सहायता प्रदान करता है. इस मौके पर एसएसबी निरीक्षक सुबीर देवनाथ, उप निरीक्षक सुधीर कुमार, रंजीत अंशुमाली, मुख्य आरक्षी सावंत सिंह पंवार, रविंद्र अशोक राव, मुख्य आरक्षी (पशु चिकित्सा) राजवीर सिंह, आरक्षी (पशु चिकित्सा) पवन कुमार, आरक्षी विपुल, धन परिचारक सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व पशुपालक मौजूद थे.