हवेली खड़गपुर. रामनवमी शोभा यात्रा समिति की ओर से शनिवार को रामनवमी शोभा यात्रा निकाली गयी. गाजे बाजे, भक्ति गीत और जय श्रीराम, हर-हर महादेव, भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयघोष के बीच शोभायात्रा निकली. राम-सीता और विभिन्न देवी-देवताओं की मनोरम झांकी व गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी शोभायात्रा ने पूरे नगर का भ्रमण कर लोगों में धार्मिक अलख जगाया. शोभायात्रा नगर के मारवाड़ी टोला स्थित अग्रसेन स्मृति भवन विवाह भवन से प्रारंभ हुआ जो पुरानी चौक, पटेल चौक, सिंहपुर, बड़ी दुर्गा मंदिर मार्ग से गुजरते हुए पुरानी चौक के रास्ते मानिक चौक, एकता पार्क, नंदलाल बसु चौक, महादेवपुर, आइबी रोड से होकर अंबेडकर चौक, भैयाराम टोला, कंटिया बाजार का भ्रमण करते हुए वापस मारवाड़ी टोला पहुंची. इस दौरान धर्मानुरागियों के लिए जगह-जगह समाजसेवियों की ओर से ठंडा जल और शरबत की व्यवस्था की गयी थी. वहीं एसडीओ राजीव रोशन, एसडीपीओ अनिल कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी मिथिलेश तिवारी, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एसआइ कुंदन कुमार सहित एसएसबी जवान और पुलिस बल मुस्तैद रहे. मौके पर मुख्य पार्षद प्रभु शंकर, उप मुख्य पार्षद दीपक यादव, रजनीश झा, गौतम राज, रविरंजन, शंभू केशरी, सत्यम निराला, सौरभ झा, पिंकेश, नीतेश मिश्रा, शैलब, श्रेयांश, राकेश चंद्र सिन्हा, अमित कुमार, आर्यन केशरी सहित अन्य ने सक्रिय भूमिका निभायी.