जमालपुर. सड़क निर्माण के पहले घर में पाइप लाइन कनेक्शन देने की मांग को लेकर छोटी केशवपुर वार्ड संख्या 27 और 31 के लोगों ने धरहरा-फुलका जमालपुर सड़क मार्ग को जामकर प्रदर्शन किया. इस दौरान लगभग पांच घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. जाम सुबह 7:00 से अपराह्न 12:15 बजे तक बना रहा. इस दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह लाचार दिखी. हालांकि बाद में सड़क निर्माण और जलापूर्ति योजना की कार्यकारी एजेंसी बुडको के जूनियर इंजीनियर सुरेंद्र कुमार तथा मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि के पहल पर जाम हटाया गया.
स्थानीय लोगों ने बताया गया है कि लगभग 16 वर्षों के बाद धरहरा-फुलका जमालपुर सड़क का निर्माण कार्य आरंभ हुआ है. ऐसे में सड़क किनारे रहने वाले लोग सड़क निर्माण के पहले जलापूर्ति योजना के पाइप लाइन का कनेक्शन अपने घर में कराना चाह रहे हैं. लोगों ने कहा कि यदि लोगों के घर में पाइप लाइन का कनेक्शन नहीं दिया गया, तो सड़क बनने के बाद कनेक्शन देने के नाम पर एक बार फिर से सड़क को क्षतिग्रस्त करके छोड़ दिया जाएगा.