बरियारपुर. बरियारपुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे-333 पर बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव के समीप उस समय अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब कुकिंग ऑयल से लदा एक कंटेनर रिसने लगा. सड़क पर तेल बहता देख आसपास के ग्रामीण बाल्टी, बोतल, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर पहुंचे और तेल जमा करने में जुट गये. चालक पप्पू कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम कंटेनर कोलकाता से लेकर नेपाल जा रहा था. पहले उसे भागलपुर के विक्रमशिला पुल होकर जाना था, लेकिन पुल की खराब स्थिति को देखते हुए उसने मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु होकर जाने का निर्णय लिया. इसी दौरान बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव के पास जाम में कंटेनर फंस गया. कुछ देर बाद कंटेनर से कुकिंग ऑयल का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते सड़क पर तेल बहने लगा. तेल बहता देख आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. लोग अपने-अपने घरों से बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर बह रहे तेल को भरने लगे. कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गयी. राहगीर भी रुककर पूरे घटनाक्रम को देखने लगे. चालक ने आशंका जतायी कि जाम के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कंटेनर में चाकू मार दिया. इसके कारण तेल रिसने लगा. हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या हादसा नहीं हुआ. चालक ने किसी तरह कंटेनर में हुए रिसाव को ठीक कर जाम टूटने के बाद आगे की यात्रा शुरू की.