मोतिहारी के पताही से विकास कुमार सिह की रिपोर्ट
Naxalite Suresh Baitha Arrested: पूर्वी चंपारण पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबन धमाका कांड सहित आधा दर्जन नक्सली मामलों में वांछित सुरेश बैठा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी पताही थाना क्षेत्र के नोनफरवा गांव से की गई.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर की प्रगति राज ने लगातार दूसरी बार जीता सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग का स्वर्ण पदक
गुप्त सूचना पर घर में दी दबिश
थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि सुरेश बैठा के खिलाफ कोर्ट से वारंट और इश्तेहार जारी था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी.
सोमवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि सुरेश बैठा अपने घर आया हुआ है. सूचना का सत्यापन करने और वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने नोनफरवा गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
मधुबन धमाका सहित कई मामलों में है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुरेश बैठा मधुबन धमाका कांड सहित आधा दर्जन नक्सली मामलों में आरोपी है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि वह पहले भी इन मामलों में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है.
पूछताछ में जुटी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस सुरेश बैठा से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह हाल के दिनों में किन लोगों के संपर्क में था और उसकी गतिविधियां क्या थीं.
छापेमारी में शामिल रही पुलिस टीम
इस कार्रवाई का नेतृत्व पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार ने किया. छापेमारी दल में दरोगा बादशाह चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे.
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही नक्सल गतिविधियों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: बिहार सरकार अब युवाओं को देगी 6 हजार रुपये, इंटर्नशिप करने का मिला सुनहरा मौका
