मोतिहारी के तुरकौलिया से आफताब आलम की रिपोर्ट
Motihari News: तुरकौलिया थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर चौक स्थित एसबीआई के समीप युवकों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही विवाद में शामिल अधिकांश युवक फरार हो गए, जबकि पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक खिलौना पिस्तौल (टॉय गन) बरामद हुई.
पुलिस पहुंचते ही भागे युवक
जानकारी के अनुसार भोपतपुर थाना क्षेत्र के घुसूकपुर जसौली निवासी शुभम कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ युवक उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. शुभम रघुनाथपुर वार्ड-28 में रहकर पढ़ाई करता है. सूचना के आधार पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की.
तलाशी में मिली टॉय गन
पकड़े गए युवक की पहचान डुमरियाघाट निवासी राजेश्वर ठाकुर के 20 वर्षीय पुत्र शिष्यांश कुमार के रूप में हुई है, जो राजा बाजार वार्ड-40 में रहकर पढ़ाई करता है. पुलिस ने तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक खिलौना पिस्तौल बरामद की, जिसे जब्त कर लिया गया.
सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि बरामद हथियार खिलौना गन है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. विवाद में शामिल अन्य युवकों की पहचान भी की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
डायल-112 की तत्परता से टला बड़ा विवाद
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई. समय पर पुलिस पहुंचने से किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका टल गई.
