मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari Crime News: मोतिहारी की बीजधरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सुंदरपुर गांव से एक बिना नंबर प्लेट लगी संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है.शुरुआती जांच में ही यह साफ हो गया कि यह बाइक लूट की वारदात से जुड़ी हुई है.पुलिस को इस बरामदगी से अपराधियों तक पहुंचने के कई अहम सुराग हाथ लगे है.
HHD मशीन से चेसिस नंबर जांचते ही खुला बड़ा राज
लावारिस हालत में मिली इस बाइक पर कोई नंबर नहीं था, जिसके बाद पुलिस ने हैंड हेल्ड डिवाइस (HHD) मशीन की मदद ली.पुलिस ने जब बाइक के चेसिस नंबर की जांच की, तो वाहन का असली रजिस्ट्रेशन नंबर BR05BU-1684 और इंजन नंबर सामने आ गया.इसके बाद जब पुलिस ने वाहन मालिक से संपर्क किया, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल लूट ली गई थी.
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाने में दर्ज है आर्म्स एक्ट का मामला
जांच को आगे बढ़ाने पर पता चला कि इस बाइक की लूट को लेकर मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाने में कांड संख्या 513/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है.बीजधरी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर साहेबगंज थाना पुलिस को इसकी आधिकारिक सूचना दे दी है. पुलिस अब इस बाइक को वहां छोड़ने वाले अपराधियों की तलाश में जुट गई है.
