मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों की टॉप-10 विकास योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में सिंचाई, पेयजल और विद्युत योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
लघु जल संसाधन विभाग की योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में लघु जल संसाधन विभाग के तहत संचालित जल-जीवन-हरियाली एवं हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम की समीक्षा की गई. इस दौरान करहरवा, रैय चंदा, महथौर गोट और इटहर चेक डैम निर्माण सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति, कार्यारंभ की स्थिति और भौतिक उपलब्धियों की जानकारी ली गई.
जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान पंचायती राज विभाग के अंतर्गत छूटे हुए टोलों में नई जलापूर्ति योजनाओं की प्रखंडवार एवं स्थलवार समीक्षा की गई. डीएम ने योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
कृषि विद्युत कनेक्शन और स्मार्ट मीटर की भी समीक्षा
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल जयनगर की समीक्षा के दौरान कृषि विद्युत कनेक्शन, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रगति तथा अन्य विद्युत परियोजनाओं की प्रखंडवार स्थिति की समीक्षा की गई. अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए गए.
अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है.
