मधुबनी से सुशील कुमार की रिपोर्ट
Madhubani Missing Case: मधुबनी के घोघरडीहा थाना क्षेत्र में 12 दिन बाद बरामद एक युवक के शव की पहचान अब भी रहस्य बनी हुई है. परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान सरफुद्दीन के रूप में की और अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन पुलिस अभी इस पहचान को अंतिम नहीं मान रही है. पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए शव का डीएनए परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया है.
ये भी पढ़ें: मधुबनी में सरफुद्दीन हत्याकांड: 12 दिन बाद मिला सड़ा-गला शव, शत्रुपट्टी में मातम; नानी बोलीं- “मेरा बाबू वापस ला दो”
15 जून को दो युवक हुए थे लापता
जानकारी के अनुसार, 15 जून को घोघरडीहा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से दो युवक लापता हो गए थे.
पहला युवक शत्रुपट्टी गांव निवासी मो. सोहराब का 24 वर्षीय पुत्र सरफुद्दीन था, जबकि दूसरा करिहर गांव निवासी जीतन सदाय का 24 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार था. दोनों के लापता होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे.
12 दिन बाद गड्ढे से मिला सड़ा-गला शव
27 जून को घोघरडीहा बधार स्थित एक गड्ढे से पुलिस ने एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया.
शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरे से पहचान संभव नहीं हो सकी. इसके बाद परिजनों ने शव पर मौजूद टी-शर्ट और जींस के आधार पर उसकी पहचान सरफुद्दीन के रूप में की.
ये भी पढ़ें: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा: बेतिया में डिजिटल डिवाइस से नकल करते अभ्यर्थी गिरफ्तार
पुलिस क्यों करा रही है डीएनए जांच?
पुलिस का कहना है कि केवल कपड़ों के आधार पर शव की पहचान को अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता. इसी वजह से शव का डीएनए परीक्षण कराने का फैसला लिया गया है.
हालांकि सरफुद्दीन के पिता मो. सोहराब ने शव को अपने बेटे का मानते हुए रविवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
दूसरे लापता युवक को लेकर भी उठ रहे सवाल
पुलिस के डीएनए जांच कराने के फैसले के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि कहीं बरामद शव दूसरे लापता युवक गुड्डू कुमार का तो नहीं. वहीं कुछ लोग मामले में किसी बड़े रहस्य की भी आशंका जता रहे हैं.
हालांकि अभी तक पुलिस ने इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं की है.
रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी तस्वीर
पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल मामले से जुड़ी अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है.
डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद शव वास्तव में किस युवक का है और दोनों युवकों के लापता होने के पीछे क्या घटनाक्रम रहा. फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: मानसून में बिहार की ये 7 जगहें बन जाती हैं स्वर्ग, एक बार जाएंगे तो बार-बार जाने का करेगा मन
