दोस्ती का कत्ल! 1.65 लाख रुपये के लिए दोस्त ने ही उतारा मौत के घाट, सरफुद्दीन हत्याकांड का खुलासा
Madhubani Murder Case: मधुबनी के घोघरडीहा में चर्चित सरफुद्दीन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार 1.65 लाख रुपये के लालच में दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की और बैंक खाते से रुपये निकाले.
मधुबनी के घोघरडीहा से सुशील कुमार की रिपोर्ट
Madhubani Murder Case: 15 जून को घर से निकले सरफुद्दीन फिर कभी वापस नहीं लौटे. 12 दिन बाद उनका शव पानी भरे गड्ढे से मिला. शुरुआत में यह सिर्फ एक रहस्यमयी गुमशुदगी लग रही थी, लेकिन बैंक खाते से निकले कुछ रुपये पुलिस को सीधे कातिल तक ले गए. अब इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा हो गया है.
मधुबनी के घोघरडीहा थाना क्षेत्र के इस बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह मृतक के बैंक खाते में जमा करीब 1.65 लाख रुपये थे.
ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा
बैंक खाते से निकासी ने बदला जांच का रुख
बुधवार को घोघरडीहा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि शत्रुपट्टी वार्ड संख्या-8 निवासी मो. सोहराब के 24 वर्षीय पुत्र मो. सरफुद्दीन 15 जून 2026 से लापता थे.
परिजनों की सूचना के बाद 17 जून से पुलिस ने जांच शुरू की. मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और बैंक खाते की तकनीकी जांच के दौरान पता चला कि 18, 20 और 21 जून को सरफुद्दीन के बैंक खाते से कई बार रुपये निकाले गए थे.
यहीं से जांच की दिशा बदल गई.
12 दिन बाद मिला था शव
जांच के दौरान 27 जून को घोघरडीहा-हटनी सड़क स्थित भूतही बलान नदी के पूर्वी बधार में पानी भरे गड्ढे से एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ.
परिजनों ने शव पर मौजूद टी-शर्ट, जींस और बेल्ट के आधार पर उसकी पहचान सरफुद्दीन के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच और तेज कर दी.
दोस्ती का भरोसा टूटा, लालच बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी मो. सहादत ने बताया कि सरफुद्दीन उसका मित्र था, लेकिन दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था.
आरोपी को सरफुद्दीन के बैंक खाते में जमा लगभग 1.65 लाख रुपये और मोबाइल बैंकिंग का पासवर्ड पहले से पता था.
पुलिस का दावा है कि रुपये हड़पने की नीयत से उसने अपने साथी के साथ मिलकर सरफुद्दीन की हत्या की और बाद में उसके बैंक खाते से कई बार पैसे निकाले.
ये भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में सबसे ज्यादा प्रेम में धोखे की शिकार होती लड़कियां, महिला थाने में दर्ज आंकड़ों से खुलासा
दो आरोपी गिरफ्तार, कई सामान जब्त
पुलिस ने मामले में फुलपरास थाना क्षेत्र के बलाबाखर गांव निवासी 27 वर्षीय मो. सहादत और 20 वर्षीय मो. इरशाद को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त एक चाकू और 32 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं.
जांच अभी जारी
एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में झंझारपुर उपकारा भेज दिया गया है.
उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच से इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका.
ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल से रेफर हुआ नवजात, पैसों की कमी बनी बाधा, बच्चा अस्पताल ने मुफ्त इलाज कर बचाई जान
