व्हाट्सएप पर ‘बॉस स्कैम’ का खतरा, मधेपुरा पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट

WhatsApp Boss Scam: मधेपुरा पुलिस ने व्हाट्सएप पर सक्रिय 'बॉस स्कैम' को लेकर लोगों को सतर्क किया है. पुलिस ने संदिग्ध ZIP फाइल डाउनलोड नहीं करने, भुगतान से पहले पुष्टि करने और साइबर ठगी की सूचना तुरंत 1930 पर देने की अपील की है.

By Shruti Kumari | July 4, 2026 11:33 AM

मधेपुरा से रिपोर्ट

WhatsApp Boss Scam: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए मधेपुरा पुलिस ने लोगों को व्हाट्सएप पर सक्रिय नए ऑनलाइन ठगी के तरीके ‘बॉस स्कैम’ से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जागरूकता पोस्टर जारी कर बताया कि साइबर अपराधी अब नौकरीपेशा लोगों को उनके अधिकारी (बॉस) के नाम और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर जिप (ZIP) फाइल भेजकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध फाइल या संदेश पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें और साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें.

ऐसे काम करता है ‘बॉस स्कैम’

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी किसी कंपनी के अधिकारी या बॉस के नाम और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर कर्मचारियों को व्हाट्सएप पर जिप (ZIP) फाइल भेजते हैं. जैसे ही पीड़ित उस फाइल को डाउनलोड या खोलता है, उसका व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का खतरा बढ़ जाता है. इसके बाद साइबर अपराधी उसी अकाउंट का इस्तेमाल कर कंपनी के वित्त विभाग या सहकर्मियों से तत्काल भुगतान की मांग कर ठगी को अंजाम देते हैं.

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

  1. किसी भी अनजान जिप (ZIP) फाइल को डाउनलोड या ओपन न करें.
  2. किसी भी फाइल या लिंक की पहले सत्यता की पुष्टि करें.
  3. पैसे भेजने का कोई भी संदेश मिलने पर संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि करें.
  4. बिना सत्यापन के किसी भी बैंक खाते में राशि ट्रांसफर न करें.

संदिग्ध गतिविधि की तुरंत करें शिकायत

मधेपुरा पुलिस ने कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध साइबर गतिविधि सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें. समय पर शिकायत करने से साइबर ठगी की राशि बचाने की संभावना बढ़ जाती है.

जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

पुलिस ने लोगों से सतर्क, जागरूक और सुरक्षित रहने की अपील करते हुए कहा कि “सतर्कता ही सुरक्षा है, जागरूकता ही बचाव है.” पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

प्रमुख बातें

  1. मधेपुरा पुलिस ने व्हाट्सएप पर सक्रिय ‘बॉस स्कैम’ को लेकर चेतावनी जारी की.
  2. साइबर अपराधी बॉस के नाम से जिप फाइल भेजकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं.
  3. संदिग्ध ZIP फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई.
  4. भुगतान से पहले संबंधित व्यक्ति से पुष्टि करने की अपील.
  5. साइबर ठगी की सूचना तुरंत 1930 या स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह.

और पढ़ें: ‘स्टंट नहीं, जिंदगी चुनें’ : मधेपुरा पुलिस ने युवाओं से की खतरनाक रील और स्टंट से दूर रहने की अपील