मधेपुरा की रिपोर्ट
Power Crisis: उदाकिशुनगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 13 स्थित उजानी टोला में लगातार ट्रांसफार्मर जलने और बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को विद्युत कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा. ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली संकट से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है.
सात दिनों में तीन बार जला ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे मोहल्ले में केवल एक 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे करीब 300 उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है. क्षमता से अधिक लोड होने के कारण पिछले सात दिनों में तीन बार ट्रांसफार्मर जल चुका है. इसके चलते इलाके में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रहती है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
गर्मी में बढ़ी लोगों की मुश्किलें
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की परेशानी काफी बढ़ गई है. बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि अधिकांश घरों में मोटर के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती है. रात में बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, जबकि छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों का कामकाज भी ठप पड़ रहा है.
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
Power Crisis: प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. उन्होंने मांग की कि मौजूदा ट्रांसफार्मर के समीप जल्द एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारु हो सके और बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या समाप्त हो.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी. प्रदर्शन में मो. परवेज, मो. इमरान, मो. लड्डू, मो. कौनैन, मो. कादिर, मो. शाहरुख खान, शेख सरफराज, मो. फजलुल्लाह, मो. शाकिर, मो. जरीफ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
ALSO READ: पुल के पास कचरे का अंबार बना मुसीबत, दुर्गंध से राहगीर परेशान, बीमारी और हादसे का बढ़ा खतरा
