पर्यवेक्षक ने प्रगणकों को दिया प्रशिक्षण मुरलीगंज. प्रखंड क्षेत्र में सोमवार से जनगणना 2026-27 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण कार्य की शुरुआत हो गयी है. इस अभियान के प्रखंड के 17 पंचायतों व एक नगर पंचायत में पर्यवेक्षक, फील्ड ट्रेनर एवं प्रगणकों की टीम कार्य में जुट गयी है. दिग्घी पंचायत में जनगणना कार्य के दौरान पर्यवेक्षक अंजय कुमार ने प्रगणक मनोज कुमार विमल, गिरजाकांत गौतम, गुलाम हसन कमर, संतोष रंजन, सुरेंद्र कुमार एवं फील्ड ट्रेनर आनंद कुमार को फील्ड में दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि पहले चरण में पंचायत के सभी वार्डों में स्थित मकानों की गणना की जायेगी. इस दौरान घर-घर जाकर मकानों की गिनती करते हुये प्रत्येक मकान को एक यूनिक नंबर दिया जायेगा. साथ ही परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम एवं मकान का प्रकार (कच्चा/पक्का, आवासीय/अनावासीय) दर्ज किया जायेगा. इसके अलावा पानी, बिजली, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी एकत्रित की जायेगी. पर्यवेक्षक ने बताया कि इस बार जनगणना में डिजिटल प्रक्रिया को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. लोगों से अपील की गयी है कि वे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन (सेल्फ एन्यूमरेशन) अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें, जिससे प्रक्रिया व अधिक आसान व पारदर्शी हो सके.