ईओ ने कहा- बेहतर होगी मॉनिटरिंग, नये सर्विलांस कैमरा लगाने की भी है योजना मुरलीगंज. शहर की बुनियादी सुविधाओं और नागरिक समस्याओं के समाधान को लेकर रविवार शाम गोल बाजार स्थित ब्याहुत भगत धर्मशाला में चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा एक महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों व नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया. कार्यक्रम का उद्घाटन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव शंकर भगत, सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, मुख्य पार्षद सर्जना सिद्धि, कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार तथा प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने किया. जनसंवाद के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था प्रमुख मुद्दा बनकर सामने आयी. व्यवसायी पंकज सोनी ने नगर क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली व उनकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की मांग की. इस पर कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि वर्तमान में नगर के प्रमुख चौक-चौराहों—मस्जिद चौक, गौशाला चौक और सिनेमा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर लगभग 60 सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है. उन्होंने कहा कि नगर के प्रवेश व निकास मार्गों पर लगे बंद पड़े कैमरों को शीघ्र दुरुस्त किया जायेगा. साथ ही सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए नए सर्विलांस कैमरे लगाने की भी योजना है. ईओ ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना पर पहले ही बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है, इसलिए इसकी प्रभावी निगरानी और संचालन सुनिश्चित किया जायेगा. वहीं वार्ड संख्या 14 के निवासी धर्मेंद्र कुमार ने रेलवे ढाला के समीप होने वाले जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया. इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने जानकारी दी कि शहर के लिए प्रस्तावित भू-गर्भीय नाला परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है. इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत नालों और सीवर के गंदे पानी को सीधे नदी में प्रवाहित करने के बजाय पहले उसका उपचार (ट्रीटमेंट) किया जाएगा, जिसके बाद स्वच्छ जल को बैंगा नदी में छोड़ा जाएगा. उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 14 में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गयी है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि योजना स्वीकृत होते ही शहर की जलनिकासी व स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा. जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों व व्यवसायियों ने शहर के विकास से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी अपने सुझाव दिए. चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम साबित होंगे. मौके पर सूरज जायसवाल विनय चौधरी संजय चौधरी मनोज भगत मनीष कसेरा भोला सोनी राजीव जयसवाल नमिता जयसवाल सुभाष जयसवाल रामजी साह किशोर कुमार उर्फ मुन्ना चौधरी गोपाल भूत दिलीप चौधरी पप्पू चौधरी आदि उपस्थित थे.