मधेपुरा के अमर का 70वीं जूनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयनित

मधेपुरा के अमर का 70वीं जूनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयनित

By Kumar Ashish | January 27, 2026 7:33 PM

मधेपुरा. मधेपुरा के अमर कुमार का चयन 70वीं जूनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है. मधेपुरा के लाल अमर कुमार ने खेल के मैदान पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए तमिलनाडु के ईरोड में 28 जनवरी से एक फरवरी तक आयोजित 70वीं जूनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम में जगह बनायी है. इसके साथ ही प्रशिक्षक के रूप में दीपक प्रकाश रंजन और प्रबंधक के रूप में लालेंद्र कुमार भी टीम का हिस्सा है. बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे. संघ के अध्यक्ष व बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो नवल किशोर यादव, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा और संयोजक डॉ अरुण दयाल ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं. प्रशिक्षक दीपक प्रकाश रंजन ने कहा, अमर ने लगातार अभ्यास से खुद को साबित किया है. प्रबंधक लालेंद्र कुमार ने भरोसा जताया कि यह प्रतिनिधित्व जिले की पहचान को राष्ट्रीय पटल पर मजबूत करेगा.