मधेपुरा. एमएड प्रथम व तृतीय सेमेस्टर दिसंबर-2025 की परीक्षा के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य किए जाने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा प्रपत्र भरने से वंचित हो रहे हैं. इस बाबत एमएड प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने छात्र नेता मुरारी कुमार मयंक के नेतृत्व में परीक्षा प्रपत्र भरने की तिथि 10 दिन बढ़ाने की मांग को लेकर कुलपति को मांग पत्र दिया है. छात्र-छात्राओं का कहना है कि पहली बार सख्ती से 75 प्रतिशत उपस्थिति नियम लागू किए जाने के कारण अधिकांश छात्र निर्धारित मानक पूरा नहीं कर पा रहे हैं. छात्रों के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित तिथि के भीतर जिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है, वह परीक्षा प्रपत्र भरने के पात्र नहीं माने जा रहे हैं. इससे छात्र-छात्राओं का एक सेमेस्टर प्रभावित हो सकता है. छात्र नेता मुरारी कुमार मयंक ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि 10 दिन बढ़ाने की मांग की है.