कड़ी धूप के साथ मंगलवार की शुरुआत, दिन में बूंदाबांदी और रात में बारिश के आसार

Weather Update: लखीसराय जिले में मंगलवार की शुरुआत कड़ी धूप के साथ हुई. हालांकि सोमवार को आंधी-तूफान और बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है. मौसम में नमी बढ़ने के कारण धूप के बावजूद गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

By Pintu Pranav | June 23, 2026 11:04 AM

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट

दिन में बूंदाबांदी, रात में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार सुबह से धूप खिली रहने के बावजूद दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है. करीब 11 बजे के बाद बूंदाबांदी होने की संभावना है. वहीं रात में गरज-चमक और बौछारों के साथ बारिश हो सकती है.

बिजली कड़कने को लेकर चेतावनी

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बारिश के दौरान बिजली कड़कने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की चेतावनी जारी की गई है. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.

अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 26 से 28 जून के बीच जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है. यदि पूर्वानुमान सही साबित होता है तो लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों और आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है.

किसानों को धान रोपनी की तैयारी की सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि जिन किसानों का धान का बिचड़ा तैयार हो चुका है, वे रोपनी की तैयारी शुरू कर दें. 25 जून के बाद बारिश की स्थिति अनुकूल रहने की संभावना है. ऐसे में खेतों को पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है ताकि समय पर धान रोपनी का कार्य शुरू किया जा सके.

बारिश से बढ़ेगी खेतों में नमी

सोमवार को हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है. इससे किसानों की उम्मीदें जगी हैं. लगातार बारिश होने पर खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आएगी और खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा.

ALSO READ: गंगा कछार में पुलिस का छापा, 30 लीटर महुआ शराब के साथ एक गिरफ्तार