24 घंटे के अंदर एक ही जगह दो बाइक छीनी

जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र के शरमा-सोंधी के बीच सुनसान सड़क पर गुरुवार की रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर फिर से एक बाइक छीन ली

By Rajeev Murarai Sinha Sinha | February 13, 2026 6:50 PM

गुरुवार की रात्रि को भी बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर छीनी बाइक

घटना को लेकर पीड़ित ने दिया थाना में आवेदन, किया गया प्राथमिकी दर्ज

लखीसराय

जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र के शरमा-सोंधी के बीच सुनसान सड़क पर गुरुवार की रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर फिर से एक बाइक छीन ली. पिछले 24 घंटे में यह दूसरी वारदात है. बुधवार की रात को भी आईटीसी के पर्यवेक्षक की बाइक छीन ली गयी थी. गुरुवार को भी बाइक सवार अपराधियों ने वैसी ही घटना को अंजाम दिया. हलसी थाना के खैरमा निवासी सह भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह के पुत्र सुशांत कुमार लखीसराय से 11 बजे रात्रि को अपने घर खैरमा जा रहा था कि शरमा सोंधी के बीच सुनसान रास्ते में तीन बाइक सवार सामने आ गया एवं देसी कट्टा सिर में सटा दिया तथा गोली मारने की धमकी दी. अपराधियों ने सुशांत को बाइक छोड़कर बगल में बैठने की लिए कहा. जिसके बाद बाइक छोड़कर भाग जाने की धमकी दी. जिसपर सुशांत अपनी बाइक छोड़कर अपने गांव की तरफ भाग निकला इससे पहले बुधवार की रात्रि सुशांत के चाचा मनीष कुमार से बाइक छीन ली थी. लगातार दो रात बाइक लूट की घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिसिंग कार्य को लेकर चर्चा हो रही है. लोगों का कहना है कि पुलिस का भय अपराधियों के दिल से निकल गया है. दोनों घटना को मिलाया गया तो पुलिस को एक ही अपराधी द्वारा दोनों घटना का अंजाम दिये जाने की बात सामने आयी है. फिलहाल सुशांत के द्वारा तेतरहाट थाना में आवेदन दिया गया है. इधर, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि दोनों घटना एक ही अपराधी के द्वारा किया गया है. घटना का अंजाम देने वाले को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.