आंधी में गिरे पेड़ों को बचाने आगे आए सामाजिक कार्यकर्ता

Tree Conservation Campaign: तेज आंधी में धराशायी हुए दर्जनों पेड़ों को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बांस-बल्ले के सहारे फिर खड़ा कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया.

By Shruti Kumari | June 18, 2026 4:04 PM
लखीसराय से राजेश कुमार की रिपोर्ट:

Tree Conservation Campaign: लखीसराय में बुधवार को आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जहां जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं प्रकृति को भी भारी नुकसान पहुंचाया. स्थानीय केआरके मैदान में लगे करीब एक दर्जन पीपल और सागवान के पेड़ तेज हवा के कारण जड़ से उखड़ गए या बुरी तरह झुक गए थे.

ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सराहनीय पहल करते हुए गिरे हुए पेड़ों को बचाने का बीड़ा उठाया. कार्यकर्ताओं ने घंटों की मेहनत के बाद बांस-बल्ले के सहारे पेड़ों को दोबारा खड़ा कर उन्हें नया जीवन देने का प्रयास किया.

पर्यावरण बचाने को आगे आए सामाजिक कार्यकर्ता

पेड़ों को बचाने के अभियान में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान राजेश गुप्ता, अर्जुन राउत, बिनोद कुमार, कुंदन साव और सतीश गोस्वामी समेत कई लोगों ने श्रमदान कर पेड़ों को सहारा दिया.

कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक पेड़ को तैयार होने में वर्षों लग जाते हैं, इसलिए प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुए पेड़ों को बचाने का हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए.

लोगों ने की पहल की सराहना

स्थानीय लोगों ने इस कार्य की जमकर सराहना की. उनका कहना है कि जहां एक ओर लोग छोटे-छोटे स्वार्थ के लिए पेड़ों की कटाई कर देते हैं, वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गिरे हुए पेड़ों को बचाकर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है.

लोगों ने कहा कि इस तरह की पहल न केवल हरियाली बचाने में मददगार है, बल्कि समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देती है.

ALSO READ: अब पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्स्प्रेस किऊल-जमालपुर रुकते हुए पहुचेगी भागलपुर