होली के अवसर पर डीजे एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर लागू रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

By Rajeev Murarai Sinha Sinha | February 24, 2026 6:29 PM

मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से डीएम व एसपी का दिया निर्देश

सभी थानों को विशेष निगरानी रखने तथा उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने की कही बात

होली के दिन सभी प्रमुख अस्पतालों में सुदृढ़ रखें आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था

लखीसराय. बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी होली पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये. बैठक में बताया गया कि होली के अवसर पर डीजे एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा. इस संबंध में सभी थानों को विशेष निगरानी रखने तथा उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. पुलिस लाइन में राइट कंट्रोल (दंगा नियंत्रण), फ्लैग मार्च एवं मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी करने का निर्देश दिया गया. अफवाहों पर नियंत्रण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन को सतर्क रहने की अपील की गयी है. किसी भी प्रकार की सूचना अथवा आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क कर जानकारी देने का अनुरोध किया गया है, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि होली के दिन सभी प्रमुख अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाय तथा अग्निशमन विभाग की टीम को अलर्ट मोड में रखा जाय. अग्निशामक वाहनों एवं कर्मियों की रणनीतिक प्रतिनियुक्ति कर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जायेगी. जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गयी है कि वे होली पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनायें तथा प्रशासन का सहयोग करें. विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. उक्त आलोक में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा जिला में 28 फरवरी को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक करने का निर्णय लिया गया. वीडियो कांफ्रेंसिंग में लखीसराय डीएम श्री मिश्र, एसपी अवधेश दीक्षित, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

——————————————————————————————————–