14 लाख की चोरी, बेटी की शादी के लिए जोड़ी गई नकदी और जेवर भी ले गए चोर

Theft Case: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरलपुर पंचायत के निस्ता गांव में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने घर में घुसकर करीब 4 लाख रुपये नकद, 10 भरी सोने-चांदी के जेवरात, दो बक्से, एक अटैची और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी कर लिया. चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

By Pintu Pranav | June 20, 2026 5:06 PM

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट:

Theft Case: लखीसराय के सूर्यगढ़ा में एक परिवार की वर्षों की मेहनत पर चोरों ने एक ही रात में पानी फेर दिया. घर के सभी सदस्य आंगन में सोते रहे और बदमाश नकदी, सोने-चांदी के जेवर, बक्से, अटैची और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए. सबसे दर्दनाक बात यह है कि चोरी गई रकम में बेटी की शादी के लिए वर्षों से जोड़ी गई जमा पूंजी भी शामिल थी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है.

परिजन सोते रहे, चोर घर साफ कर गए

जानकारी के अनुसार निस्ता गांव निवासी मंटू यादव दिल्ली में मजदूरी करते हैं. घटना के समय घर में उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे. परिजनों ने बताया कि रात में घर और बरामदे का दरवाजा बंद कर सभी लोग आंगन में सो गए थे. इसी दौरान चोर किसी तरह घर में प्रवेश कर गए और कमरे में रखी नकदी व जेवरात समेटकर फरार हो गए.

सुबह ट्यूशन जाने उठा बेटा, तब हुआ खुलासा

चोरी की जानकारी सुबह करीब चार बजे तब हुई, जब मंटू यादव का पुत्र ट्यूशन जाने के लिए उठा. उसने घर के दरवाजे खुले और सामान बिखरा हुआ देखा. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया गया. कमरे की जांच करने पर चोरी का पता चला. बेटी की शादी के लिए वर्षों से जमा की गई नकदी और जेवर गायब मिलने पर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

खेत में मिले टूटे बक्से, ईंट भट्ठा के पास मिले कागजात

घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की. इस दौरान निस्ता-मुस्तफापुर बहियार में टूटे हुए बक्से और अटैची बरामद हुए. चोर नकदी और जेवर निकालने के बाद बाकी सामान वहीं फेंक गए थे. वहीं आदुपुर स्थित जेएमएस ईंट भट्ठा के पास बैग, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बिखरे हुए मिले.

एफएसएल टीम पहुंची, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस ने घर और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए हैं.

बरामदगी और गिरफ्तारी की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरी गई नकदी और जेवरात की शीघ्र बरामदगी की मांग की है. ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

ALSO READ: हेलमेट नहीं तो कार्रवाई, सघन जांच में 66 हजार रुपये का जुर्माना